222 अंक ऊपर खुला डाउ जोंस, गिरावट के साथ बंद हुए दुनिया के प्रमुख बाजार; नस्लभेदी कंटेट शेयर करने पर विवादों में ट्रम्प
- बाजार खुलते समय डाउ जोंस 25238, नैस्डैक 9775 और एसएंडपी 3025 अंक पर कारोबार कर रहे थे
- अमेरिका में सोमवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 26 लाख 37 हजार 409 पर पहुंच गया
- शुक्रवार को डाउ जोंस 2.84 फीसदी यानी 730 अंक की गिरावट के साथ 25015 अंक पर बंद हुआ था
दैनिक भास्कर
Jun 29, 2020, 07:13 PM IST
न्यूयॉर्क. सोमवार को अमेरिकी बाजार बढ़त के साथ खुला। डाउ जोंस 0.89 फीसदी की बढ़त के साथ 222 अंक ऊपर खुला। जबकि नैस्डैक 0.19 फीसदी की बढ़त के साथ 18.69 अंक ऊपर और एसएंडपी 0.56 फीसदी की बढ़त के साथ 16 अंक ऊपर खुला। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 25238, नैस्डैक 9775 और एसएंडपी 3025 अंक पर कारोबार कर रहे थे।
सोमवार को दुनियाभर के लगभग सभी प्रमुख बाजारों में गिरावट रही। जापान का निक्कई 512 अंक, चीन का शंघाई कम्पोसिट 18 अंक, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग 248 अंक, भारत का निफ्टी 70 अंक, सेंसेक्स 209 अंक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 41 अंक की गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं इस समय यूके टाइम का FTSE 100, फ्रांस का CAC 40, जर्मनी का DAX, इटली का FTSE MIB बढ़त में जबकि रूस का MICEX गिरावट में कारोबार कर रहा है।


शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुआ था डाउ जोंस
- शुक्रवार को डाउ जोंस 2.84 फीसदी यानी 730 अंक की गिरावट के साथ 25015 अंक पर बंद हुआ था।
- नैस्डैक 2.59 फीसदी यानी 259 अंक की गिरावट के साथ 9757 अंक और एसएंडपी 2.24 फीसदी यानी 74 अंक की गिरावट के साथ 3009 अंक पर बंद हुआ था।

अमेरिका: संक्रमितों का आंकड़ा 26 लाख 37 हजार के पार
- worldometers वेबसाइट के मुताबिक, अमेरिका में सोमवार को कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 26 लाख 37 हजार 409 पर पहुंच गया। वहीं देश में कोरोना से अबतक 1 लाख 28 हजार 443 लोगों की मौतें हो चुकी हैं। हालांकि इस दौरान 10 लाख 93 हजार 612 लोग ठीक भी हुए हैं।
कैलिफोर्निया में बार बंद करने के आदेश
- कैलिफोर्निया के गवर्नर गैविन न्यूसॉम ने रविवार को लॉस एंजिल्स समेत सात शहरों में सभी बार बंद करने के आदेश दिए हैं। एक महीने पहले ही राज्यों को दोबारा खोलना शुरू किया गया था। टेक्सास और फ्लोरिडा में भी बार और रेस्टोरेंट बंद कर दिए गए हैं। गवर्नर ने कहा कि लोगों को वायरस को लेकर सतर्क रहना चाहिए। यह अभी भी राज्य में फैल रहा है। कुछ हिस्सों में मामलों में इजाफा हुआ है।
NEW: Due to the rising spread of #COVID19, CA is ordering bars to close in Fresno, Imperial, Kern, Kings, Los Angeles, San Joaquin, and Tulare, while recommending they close in Contra Costa, Riverside, Sacramento, San Bernardino, Santa Barbara, Santa Clara, Stanislaus, & Ventura.
— Gavin Newsom (@GavinNewsom) June 28, 2020
ट्रम्प समर्थकों की नस्लभेदी नारेबाजी
- अमेरिका समेत दुनियाभर के कई देशों में नस्लवाद का मुद्दा गरमाया हुआ है। अश्वेत व्यक्ति जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस के हाथों मौत के बाद से ही अमेरिका के कई शहरों में प्रदर्शन हो रहे हैं। इसी बीच रविवार को अमेरिकी राष्ट्रपति के समर्थकों ने फ्लोरिडा में एक रैली के दौरान नस्लभेदी नारेबाजी की। उन्होंने ‘व्हाइट पॉवर’ के नारे भी लगाए। खास बात ये है कि ट्रम्प ने मामले की गंभीरता समझे बिना इसका वीडियो ट्वीट किया। इतना ही नहीं उन्होंने नस्लभेदी नारेबाजी करने वाले समर्थकों का शुक्रिया भी अदा किया। हालांकि, बाद में यह ट्वीट डिलीट कर दिया गया।

ट्रम्प पर पहले भी आरोप लगते रहे
- राष्ट्रपति ट्रम्प पर पहले भी नस्लभेदी कंटेट शेयर करने को लेकर आरोप लगते रहे हैं। 2017 में उन्होंने तीन मुस्लिम विरोधी वीडियो रीट्वीट किए थे। ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री थेरेसा मे को फटकार लगाई थी। साथ ही कहा था कि वे मुझ पर ध्यान न दें। ब्रिटेन में पनप रहे इस्लामिक आतंकवाद पर ध्यान दें।
गिरावट के साथ बंद हुआ भारतीय बाजार
- वैश्विक स्तर कोरोनावायरस संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण दुनियाभर के शेयर बाजारों में रही गिरावट का असर आज घरेलू बाजारों पर भी दिखा। कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को बंबई स्टॉक एक्सचेंज का बीएसई) 209 अंकों की गिरावट के साथ 34.961.52 अंकों पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 70 पॉइंट लुढ़ककर 10,312.40 अंकों पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में बीएसई 500 अंक लुढ़ककर 34,671.07 अंकों तक पहुंच गया था।
