168 अंक नीचे खुला डाउ जोंस, बढ़त के साथ बंद हुए भारत-चीन-जापान के बाजार; ट्रम्प की डब्ल्यूएचओ को चेतावनी- 30 दिन में सुधार न होने पर फंडिंग स्थाई तौर पर फ्रीज करेंगे
- बाजार खुलते समय डाउ जोंस 24428, नैस्डैक 9242 और एसएंडपी 2940 अंक पर कारोबार कर रहे थे
- अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 92 हजार के पार हो चुकी है, यह आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा है
दैनिक भास्कर
May 19, 2020, 08:12 PM IST
न्यूयॉर्क. मंगलवार को अमेरिकी बाजार ऊतार-चढ़ाव का माहौल रहा। डाउ जोंस 0.69 फीसदी की गिरावट के साथ 168 अंक नीचे खुला। नैस्डैक 0.08 फीसदी की बढ़त के साथ 7 अंक ऊपर और एसएंडपी 0.46 फीसदी की गिरावट के साथ 13 अंक नीचे खुला। बाजार खुलते समय डाउ जोंस 24428, नैस्डैक 9242 और एसएंडपी 2940 अंक पर कारोबार कर रहे थे।
मंगलवार को दुनियाभर के लगभग सभी बाजारों में बढ़त रही। जापान का निक्केई 299 अंक ,चीन का शंघाई कम्पोसिट 23 अंक, हॉन्ग-कॉन्ग का हैंग सैंग 453 अंक, भारत का निफ्टी 53 अंक, कनाडा का एसएंडपी टीएसएक्स 129 अंक और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 43 अंक की बढ़त के साथ बंद हुए। हालांकि इस समय फ्रांस का CAC 40, जर्मनी का DAX, इटली का FTSE MIB और यूके टाइम का FTSE 100 गिरावट में जबकि रूस का MICEX बढ़त में कारोबार कर रहे हैं।


अमेरिका: एक दिन में 759 मौतें
-
अमेरिका में 92 हजार 063 लोगों की मौत हो चुकी है। यह आंकड़ा दुनिया में सबसे ज्यादा है। यहां पिछले 24 घंटे में 759 लोगों ने जान गई है। हालांकि, अब यहां हर दिन होने वाली मौतों में कमी आई है। वहीं, यहां संक्रमितों की संख्या 15 लाख से ज्यादा हो गई है।
अमेरिकी वैक्सीन ट्रायल के बेहतर नतीजे मिले
-
कोरोनावायरस का इलाज खोजने के लिए दुनिया भर में वैक्सीन ट्रायल जारी हैं। अमेरिका में कोरोना वैक्सीन के इंसानों पर चल रहे ट्रायल के सकारात्मक नतीजे मिले हैं। इसे बनाने वाली कंपनी मॉर्डना ने सोमवार शाम इस बात की जानकारी देते हुए बताया कि जिन मरीजों पर उसके वैक्सीन का ट्रायल किया गया, उनके शरीर में उम्मीद से अच्छी इम्यूनिटी बढ़ी। इसके साइड इफेक्ट्स भी मामूली हैं।
ट्रम्प की डब्ल्यूएचओ को चिट्ठी
-
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) को चिट्ट्ठी लिखकर चेतावनी दी है। उन्होंने लिखा है कि 30 दिन में संगठन में सुधार करें। ऐसा न करने पर आपको दी जा रही फंडिंग स्थाई रूप से फ्रीज कर दी जाएगी और अमेरिका संगठन का सदस्य बने रहने पर भी दोबारा विचार करेगा।
- ट्रम्प ने इससे पहले व्हाइट हाउस में भी डब्ल्यूएचओ की आलोचना की। उन्होंने कहा, ‘‘वे (डब्ल्यूएचओ) चीन की कठपुतली है। यह कहना बेहतर होगा कि वे चीन केंद्रित हैं। अमेरिका डब्ल्यूएचओ को सालाना 450 मिलियन डॉलर (करीब 3500 करोड़ रु.) देता है। इसे कम करने की योजना बनाई जा रही है क्योंकि हमारे साथ सही बर्ताव नहीं हुआ।’’
भारतीय बाजार में बढ़त रही
- सप्ताह में आज मंगलवार को कारोबार के दूसरे दिन बाजार बढ़त के साथ बंद हुआ। सुबह सेंसेक्स 421.76 अंक ऊपर और निफ्टी 138.45 पॉइंट ऊपर खुला। दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान सेंसेक्स 710 अंक तक ऊपर जाने में कामयाब रहा। वहीं, निफ्टी भी 207 अंक से ज्यादा ऊपर पहुंचने में कामयाब रहा।
- कारोबार के अंत में सेंसेक्स 167.19 अंक या 0.56% ऊपर 30,196.17 पर और निफ्टी 55.85 पॉइंट या 0.63% ऊपर 8,879.10 पर बंद हुआ। इससे पहले सोमवार को कारोबार के पहले दिन बाजार भारी गिरावट के साथ बंद हुआ था। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 1068.75 अंक नीचे 30,028.98 पर और निफ्टी 313.60 पॉइंट नीचे 8,823.25 पर बंद हुआ था।
